यूपी में जापान की कंपनियां करेंगी तीन हजार करोड़ का निवेश, 10 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी का मौका

HIGHLIGHTS
- यीडा के सेक्टर-10 में एस्कार्ट्स कुबोटा लगाएगी विनिर्माण इकाई
- एस्कार्ट्स कुबोटा परियोजना में 2029 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
- कंपनी की परियोजना से 3800 से अधिक रोजगार की उम्मीद
उत्तर प्रदेश: कानून-व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक नीतियों में कई अहम बदलावों के जरिए उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल तैयार करने में जुटी प्रदेश सरकार को बड़ी सफलता मिली है।
उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ती औद्योगिक साझेदारी के तहत बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित उप्र-जापान निवेश सम्मेलन, 2026 में एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की कुल 3195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया।
यीडा (यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) क्षेत्र में स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और निवेश तथा नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ रुपये का निवेश कर विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। यहां ट्रैक्टर और उपकरण से जुड़े उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से 3800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड भी यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट शुरू कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे करीब 6440 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा इन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से यीडा में औद्योगिक गतिविधियों के साथ सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन के लिए भी नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
वर्चुअल भूमिपूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और जापान के संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित हैं। इसमें भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन और मध्यम मार्ग तथा दोनों देशों के साझा मूल्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, स्पष्ट नीति, साफ नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश आज भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सुरक्षा, स्थायित्व और गति के साथ उत्तर प्रदेश के बजट, जीएसडीपी (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता मिली है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और जापान दो अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का संबंध केवल दो देशों का नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों का संवाद, दो सभ्यताओं का संगम और दो संकल्पों का समन्वय है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन भारत-जापान तथा उत्तर प्रदेश-यामानाशी प्रांत के संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि को दुनिया ने स्वीकार किया है। भारत छह से आठ प्रतिशत की सतत वृद्धि दर, नियंत्रित महंगाई और स्वस्थ बैलेंस शीट के साथ आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड के अध्यक्ष शिंगो हानाडा और स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा भी उपस्थित थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.