यूपी: सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में सख्त सुरक्षा, मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17, 18, 24 और 25 जनवरी को विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाली सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती परीक्षा पूरी निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने सभी जिला अधिकारियों को आदेश दिया कि स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रत्येक अभ्यर्थी की डबल लेयर फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे और जिला तथा आयोग स्तर पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, एसटीएफ और एलआईयू को सतर्क रहने और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भविष्य में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए एडीएम स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में चिन्हित किया जाएगा। इस परीक्षा में 7466 पदों के लिए कुल 12,36,239 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
साथ ही, मुख्य सचिव ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग और आवास जनगणना (HL0) का कार्य मई-जून के दौरान होगा। इसके लिए प्रत्येक जिले में डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारी प्रतिनिधि सदस्य होंगे, जबकि एडीएम (वित्त/राजस्व) संयोजक होंगे। समिति हाउस लिस्टिंग, प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण, जनगणना हस्तपुस्तिका, आंकड़ों के प्रकाशन और सारणीकरण जैसी सभी तैयारियों की जिम्मेदारी संभालेगी।
मुख्य सचिव ने बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे पॉलिसी के लंबित प्रस्तावों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए 14 से 30 जनवरी तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य प्रदेश में होटल और होमस्टे की उपलब्धता बढ़ाकर पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने और कंट्रोल रूम से निगरानी रखने, तथा कुक्कुट विकास, बकरी पालन, सूकर पालन और भेड़ पालन योजनाओं में अधिक से अधिक लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.