मौसम ने बदली करवट: लाहौल में सीजन की पहली बर्फबारी, कुल्लू घाटी में झमाझम बारिश

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। रविवार सुबह से कुल्लू घाटी में लगातार बारिश हो रही है, जबकि लाहौल घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में तेज गिरावट आई है और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ जमने के कारण रोहतांग मार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में रविवार को बारिश और ओलावृष्टि के लिए येलो अलर्ट तथा सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आठ अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
6 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 से 7 अक्टूबर के बीच वर्षा की गतिविधियां सबसे अधिक रहेंगी, जिनमें 6 अक्टूबर को बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
रविवार को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सोमवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में भारी से बहुत भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
किन्नौर, हमीरपुर और ऊना के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। शिमला जिले में 5 से 7 अक्टूबर तक अंधड़ चलने का पूर्वानुमान है।
तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री और अधिकतम तापमान में 5 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। शनिवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, मनाली में 10.9 डिग्री और ताबो में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
8 अक्टूबर तक खराब रहेगा मौसम, 9 से मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 8 अक्टूबर तक वर्षा का दौर जारी रहेगा। इसके बाद 9 अक्टूबर से मौसम साफ होने की संभावना है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से फिलहाल परहेज़ करें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.