बंगाल में जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, CM शुभेंदु की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद

HIGHLIGHTS
- बर्धमान में STF और जिला पुलिस ने जैश-ए-मुहम्मद से जुड़े संदिग्ध मोहम्मद हामिद को गिरफ्तार किया।
- जांच एजेंसियों ने आरोपी के पास से VIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज मिलने का दावा किया।
- आरोपी के आतंकी नेटवर्क और अन्य संपर्कों की जांच जारी है।
बर्धमान। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जैश-ए-मुहम्मद से कथित संबंध रखने वाले संदिग्ध आतंकी मोहम्मद हामिद को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मुख्यमंत्री पर संभावित हमले की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह बर्धमान के रेनेसां हाउसिंग परिसर में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में और कौन लोग थे और क्या उसका संबंध किसी बड़े आतंकी नेटवर्क या मॉड्यूल से है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी हावड़ा के पीलखाना क्षेत्र में एक कपड़ा कारखाने में काम करता था। करीब दो महीने पहले वह बर्धमान आया था और यहां किराये के मकान में रहने लगा था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, हामिद के पाकिस्तान में प्रशिक्षण लेने और कथित रूप से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में होने की जांच की जा रही है। इसके अलावा उसका संबंध जैश-ए-मुहम्मद से जुड़े सज्जाद भट समूह से होने के दावे की भी जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हामिद अपने परिवार के साथ रहता था और इलाके में उसकी ज्यादा आवाजाही या मेलजोल नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद इस मामले में और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। हालांकि, अब तक जांच एजेंसियों की ओर से मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश से जुड़े दावों की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि सार्वजनिक नहीं की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.