फरीदाबाद में महिला से कार में सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी सड़क पर फेंककर फरार

हरियाणा के फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय महिला के साथ कार में लिफ्ट देने के बहाने सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला घर से नाराज होकर बाहर निकली थी और दो युवकों ने उसे गंतव्य तक छोड़ने के बहाने कार में बैठा लिया। आरोप है कि करीब दो घंटे तक महिला को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर घुमाया गया और अंततः रात लगभग 3 बजे उसे एसजीएम नगर स्थित मुल्ला होटल के पास चलती कार से फेंक दिया गया।
पीड़िता को गंभीर चोटों के साथ निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीसीटीवी जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद पुलिस ने परिवार की शिकायत पर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी महिला
पीड़िता की बहन ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे महिला ने कॉल कर कहा कि मां से कहासुनी के कारण वह अपनी सहेली के घर जा रही है और कुछ घंटे में लौट आएगी। रात करीब 12 बजे महिला दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी एक वैन आकर रुकी और दो युवक उसे कार में बैठाकर ले गए।
सड़क पर फेंकने से घायल हुई महिला
पुलिस के मुताबिक, फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के पास आरोपी ने कार चलाते हुए महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला को करीब दो घंटे तक सड़क पर घुमाया। रात करीब 3 बजे आरोपी महिला को एसजीएम नगर के मुल्ला होटल के पास कार से फेंककर फरार हो गए। गिरने से महिला को चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसके चेहरे पर टांके लगाए गए।
दिल्ली रेफर की गई पीड़िता
घटना की जानकारी मिलने पर महिला की बहन मौके पर पहुंची और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजन ने फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कर लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.