युवती की हत्या अंबाला में, शव हिमाचल में जलाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के जंगल में मिले अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह शव हरियाणा की एक युवती का निकला है, जिसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना पांवटा साहिब उपमंडल के धौलाकुआं क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल की है, जहां कुछ दिन पहले एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में यह मामला बेहद सनसनीखेज निकला था।
अंबाला में हत्या, फिर हिमाचल में शव जलाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या पहले हरियाणा के अंबाला जिले में की गई थी। इसके बाद आरोपी ने शव को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर लाकर जंगल में जलाने का प्रयास किया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने शव को बैग में रखकर रेहड़ी के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है।
आरोपी गिरफ्तार, संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता
इस मामले में अंबाला के बराड़ा निवासी संदीप शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अंबाला पुलिस और हिमाचल प्रदेश की माजरा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आरोपी को पांवटा साहिब के बातापुल क्षेत्र से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।
हाईवे से कुछ दूरी पर मिला था शव
घटना स्थल नेशनल हाईवे-07 से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में स्थित है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी थी।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.