शामली में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, तीन लोग झुलसे

शामली के शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय मजदूर अंकित कश्यप उर्फ सचिन की मौत हो गई, जबकि उसके ताऊ और दो अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अंकित कश्यप अपने ताऊ तेजवीर (55), ताऊ के बेटे ब्रह्मपाल (29) और पड़ोसी सुमित के साथ खेत में मशीन से गेहूं की थ्रेसिंग करने गया था। शाम के समय मौसम बिगड़ने और बूंदाबांदी शुरू होने पर काम रोक दिया गया था। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में सभी लोग आ गए।
बिजली गिरने से अंकित गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि बाकी तीन लोग भी प्रभावित होकर कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। कुछ देर बाद तीनों को होश आ गया, लेकिन अंकित की हालत नाजुक बनी रही। ग्रामीणों के अनुसार, घटना स्थल पर बिजली गिरने से जमीन पर गड्ढा भी बन गया।
गंभीर रूप से घायल अंकित को तुरंत शामली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उधर, मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि अंकित की शादी करीब पांच महीने पहले ही हुई थी और वह अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की सूचना उसके बाहर गए पिता को भी दे दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.