खतौली में परिवार को बंधक बनाकर 55 लाख की लूट

खतौली (मुजफ्फरनगर)। पुलिस सुरक्षा को चुनौती देते हुए हेलमेट पहने तीन बदमाशों ने शुक्रवार देर रात खतौली के मुहल्ला लाल मोहम्मद में प्रापर्टी डीलर के घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 50 लाख रुपये के जेवर और पांच लाख रुपये नगद लूट लिए। शोर मचाने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी और फरार हो गए। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि बदमाशों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी।
जानकारी के अनुसार, प्रापर्टी डीलर यूसुफ अपने परिवार के साथ दो दिन पहले अपनी भांजी की शादी के वलीमे में मुजफ्फरनगर के रहमतनगर गए हुए थे। घर में यूसुफ का बेटा नाजिम, पुत्रवधू सबीना, नाजिम का भतीजा नदीम और उनकी पत्नी शीबा मौजूद थे। रात लगभग 11 बजे तीन बदमाश हेलमेट पहनकर दरवाजे पर आए और डोरबेल बजाई। सबीना जब दरवाजा खोलने आई, तब बदमाशों ने जबरन घर में प्रवेश कर सबको हथियार के बल पर बंधक बना लिया।
बदमाशों ने घर के कमरे, अलमारियों और बक्सों को खंगाला और 50 लाख रुपये के सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये नगद लूटकर चले गए। नाजिम ने बताया कि बदमाशों के चेहरे हेलमेट से ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई।
बदमाशों के चले जाने के बाद पीड़ित दंपती ने शोर मचाकर पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी पाकर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ खतौली रामाशीष यादव और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि यह लूट स्थानीय और परिचित बदमाशों ने अंजाम दी है, जिन्हें घर की स्थिति और सामान की जानकारी थी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि लूटे गए जेवरात का आकलन किया जा रहा है और घटना का खुलासा करने के लिए तीन पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी घटना के बाद मुजफ्फरनगर से खतौली लौट आए हैं। समाचार लिखे जाने तक वे तहरीर देने की तैयारी में थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.