गणतंत्र दिवस पर यूपी के 715 पुलिसकर्मियों को डीजीपी पुरस्कार, चार फायर कर्मियों को राष्ट्रपति पदक

लखनऊ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के 715 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी सेवा, साहस और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से सेवा अभिलेख और शौर्य के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में सम्मान चिन्ह और प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए गए।
सेवा रिकॉर्ड के आधार पर 43 पुलिसकर्मियों को जबकि अदम्य साहस के लिए 4 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह दिया गया। इसके अलावा शौर्य के लिए 11 पुलिसकर्मियों को डीजीपी का प्लेटिनम प्रशंसा चिन्ह मिला, जिनमें आईपीएस अधिकारी शिवहरि मीना, रामबदन सिंह, जयप्रकाश सिंह, अरुण कुमार सिंह और अमृता मिश्रा शामिल हैं।
शौर्य प्रदर्शन के लिए 68 पुलिसकर्मियों को स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह से नवाजा गया। इस सूची में आईपीएस सौरभ दीक्षित, रवि शंकर निम, अंकुर अग्रवाल, इलामारन जी. और श्रद्धा नरेंद्र पांडेय जैसे अधिकारी शामिल हैं। वहीं, रजत प्रशंसा चिन्ह 317 पुलिसकर्मियों को प्रदान किया गया, जिनमें आईपीएस मोहम्मद इमरान, अर्पित विजयवर्गीय, मानुष पारीक, नीतू, अंजलि विश्वकर्मा, आदित्य बंसल, चिराग जैन और ओमप्रकाश सिंह प्रमुख हैं।
इसके अतिरिक्त, सेवा अभिलेख के आधार पर 180 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, जबकि साहस के लिए 18 पुलिसकर्मियों को यही सम्मान प्रदान किया गया।
फायर सर्विस और होमगार्ड कर्मियों को भी सम्मान
गणतंत्र दिवस पर फायर सर्विस के चार कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। इनमें सेकंड ऑफिसर नसीरुद्दीन खान, चीफ फायर अफसर अरुण कुमार सिंह, लीडिंग फायरमैन गुलाब प्रसाद और लल्लन राम शामिल हैं। इसके अलावा होमगार्ड और सिविल डिफेंस से रेकी ऑफिसर आशुतोष कुमार और डिप्टी डिवीजनल वार्डन मुनव्वर सुल्ताना को भी राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया।
एसटीएफ को मिले 71 पदक
विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के हिस्से इस वर्ष कुल 71 पदक आए हैं। इनमें 14 राष्ट्रपति वीरता पदक, 11 गृह मंत्रालय के अति उत्कृष्ट सेवा पदक, 3 उत्कृष्ट सेवा पदक, 3 डीजीपी के उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 3 सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, 2 स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह और 29 रजत प्रशंसा चिन्ह (शौर्य के आधार पर) शामिल हैं। वहीं, सेवा अभिलेख के आधार पर 2 कर्मियों को रजत प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया।
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने सम्मान पाने वाले सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे पुलिस बल के मनोबल को और मजबूत करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.