शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का संदेश, हरिद्वार से मुजफ्फरनगर लाई गई विशेष कांवड़

HIGHLIGHTS
- शिव चौक पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।
- प्रशासन से प्रमुख चौराहे पर भव्य प्रतिमा लगाने की मांग की गई।
- युवाओं को क्रांतिकारी के संघर्ष और बलिदान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
मुजफ्फरनगर। सावन शिवरात्रि के मौके पर मुजफ्फरनगर में शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का संदेश देने वाली विशेष कांवड़ पहुंची। 1857 की क्रांति के महानायक अमर शहीद धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर अपनी धर्मपत्नी के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे।
वह अपने साथ गंगाजल के अलावा धनसिंह कोतवाल की तस्वीर भी लेकर आए। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त भी उनके साथ मौजूद रहे। शहर में प्रवेश के बाद मंगलवार अपराह्न करीब 3 बजे यह विशेष कांवड़ शिव चौक पहुंची। यहां रविंद्र सिंह गुर्जर ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
इस दौरान शिव चौक हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। रविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कांवड़ यात्रा का मकसद सिर्फ भगवान भोलेनाथ की आराधना करना नहीं है, बल्कि देश के महान क्रांतिकारियों और शहीदों को सम्मान दिलाने का संदेश देना भी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मुजफ्फरनगर के किसी प्रमुख चौराहे पर 1857 की क्रांति के नायक धनसिंह कोतवाल की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए। उनका कहना है कि इससे युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान के बारे में जानकारी मिलेगी और उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती मिलेगी।
इस तरह यह विशेष कांवड़ धार्मिक आस्था के साथ शहीदों के सम्मान और उनके इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश देती नजर आई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.