शिवरात्रि को लेकर मुजफ्फरनगर में सुरक्षा सख्त, SSP ने कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

HIGHLIGHTS
- एसएसपी संजय कुमार वर्मा मंगलवार को दिनभर भ्रमणशील रहे।
- अस्पताल तिराहा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
- अहिल्याबाई चौक, रामपुर तिराहा और बागोवली कट का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की शिवरात्रि को देखते हुए मुजफ्फरनगर में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। शिवभक्तों की बड़ी संख्या में आवाजाही के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मंगलवार को पूरे दिन क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। इस दौरान एसएसपी ने शहर के साथ-साथ प्रमुख कांवड़ मार्गों के तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे एसएसपी सबसे पहले अस्पताल तिराहा पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उनका काफिला अहिल्याबाई चौक होते हुए रामपुर तिराहा और बागोवली कट पहुंचा। यहां उन्होंने तैनात पुलिस बल, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
हर संभव सहयोग देने के निर्देश
एसएसपी ने निर्देश दिए कि भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ियों के साथ आम लोगों को भी आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने पुलिसकर्मियों से श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
इसके साथ ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस की टीमें प्रमुख स्थानों पर लगातार सक्रिय हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.