बरेली में कब्जा मुक्त होंगे सभी तालाब, निषाद वर्ग को दिए जाएंगे पट्टे

बरेली। जिले में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद लगभग 3,000 तालाबों में से डेढ़ हजार तालाबों को कब्जामुक्त कर पट्टे पर देने का काम शुरू किया गया है। नगर निगम क्षेत्र के फाइक एंक्लेव सहित कई अन्य इलाकों में ये तालाब निषाद वर्ग को आवंटित किए जाएंगे। यह जानकारी मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
डॉ. संजय ने बताया कि प्रदेश में मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं में से 105 योजनाएं पहले ही संचालित हैं। विभाग में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि किसी तालाब या पोखरे का आवंटन गलत वर्ग को किया गया है तो उसे निरस्त कर प्राथमिक पात्र वर्ग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मछुआरों को बिना किसी गारंटी के किसान क्रेडिट कार्ड से तीन लाख रुपये तक का ऋण चार प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षण और बीमा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
बिहार चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि निषाद वर्ग हमेशा से एनडीए के साथ रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दीपोत्सव संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने मिट्टी के दीयों से घर रोशन करने से लेकर आजादी की मशाल तक जलाकर संस्कृति को संजोया। जो लोग दीपोत्सव का विरोध कर रहे हैं, उन्होंने भारतीय संस्कृति का अपमान किया है।
सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछड़ों के नाम पर केवल राजनीति की जाती रही है। डबल इंजन सरकार ने पहली बार सबके समग्र विकास की दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून का शासन, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है, जिससे समाज में समरसता बढ़ी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.