अमरोहा: एक दुल्हन, दो दूल्हे… बैंक्वेट हॉल में पहुंचीं दो बारातें, मचा हंगामा

अमरोहा जिले में रविवार को एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक ही दुल्हन से विवाह करने के लिए दो अलग-अलग दूल्हे अपनी-अपनी बारात लेकर पहुंच गए। इस अप्रत्याशित स्थिति से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि युवती का रिश्ता करीब एक साल पहले मुरादाबाद निवासी युवक से तय हुआ था। सगाई के बाद दोनों परिवारों के बीच लेन-देन और मेलजोल भी हुआ, लेकिन शादी से कुछ समय पहले किसी विवाद के चलते लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया।
इसके बाद परिजनों ने जल्दबाजी में संभल निवासी दूसरे युवक के साथ नया रिश्ता तय कर दिया और पहले से निर्धारित 12 अप्रैल की तारीख पर ही विवाह रखने का निर्णय लिया।
रविवार को कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संभल से बारात पहुंची और शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मुरादाबाद से पुराना मंगेतर भी बारात लेकर वहां आ पहुंचा। एक ही जगह पर दो-दो बारातें देख लोगों में हड़कंप मच गया और विवाद की स्थिति बन गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और दुल्हन की राय ली। दुल्हन ने स्पष्ट रूप से संभल से आए दूल्हे के साथ शादी करने की सहमति जताई। इसके बाद पुलिस ने मुरादाबाद से आए युवक को अपने साथ कोतवाली ले जाकर स्थिति को शांत कराया।
वहीं, बैंक्वेट हॉल में संभल से आए दूल्हे के साथ विधिवत शादी की रस्में पूरी कर दुल्हन को विदा कर दिया गया। बाद में पुलिस ने मुरादाबाद से आए दूल्हे और उसकी बारात को भी वापस भेज दिया।
इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.