अमरोहा: सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्महाउस पर चाकूबाजी, मैनेजर घायल

अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में स्थित दिल्ली-बरेली हाईवे पर बने एक फार्महाउस में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां काम कर रहे रसोइए ने गुस्से में आकर फार्महाउस के मैनेजर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह फार्महाउस सांसद कंवर सिंह तंवर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मैनेजर श्यामवीर सिंह (निवासी हिरणपुरा, जनपद हापुड़) और रसोइया अमरीश सैनी (निवासी सैनीनगर, सैदनगली) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
बताया गया कि शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। गुस्से में आकर अमरीश सैनी ने चाकू निकाल लिया और श्यामवीर सिंह के चेहरे व सिर पर वार कर दिया।
हमले के बाद घायल मैनेजर को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
वहीं, इस मामले में सांसद कंवर सिंह तंवर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.