बदायूं: बरेली-मथुरा हाईवे पर मंडी ट्रॉलियों के कारण लंबा जाम, किसानों का हंगामा

बदायूं। उझानी कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह धान लदी ट्रॉलियों और यात्री वाहनों की बढ़ी भीड़ के कारण बरेली-मथुरा हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। हाईवे पर जाम को लेकर किसानों और पुलिस के बीच कुछ देर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी।
मंडी समिति के सामने जाम की शुरुआत सुबह लगभग 9 बजे हुई, जब धान की तौल के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइन लग गई। इसी दौरान, हाईवे से कासगंज और बदायूं की ओर आने-जाने वाले यात्री वाहन और ट्रक ट्रॉलियों के बीच से आगे निकलने की कोशिश करने लगे। इस कारण जाम बढ़ गया और दोनों तरफ लंबी वाहनों की लाइन लग गई।
किसानों का आरोप है कि जाम हटाने के प्रयास में एक दरोगा ने ट्रैक्टर चालक को डंडे से मारा, जिससे किसान गुस्साए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को हटाया और वाहनों का आवागमन सुचारू किया।
जाम के दौरान शव वाहन सहित कई जरूरी वाहनों को भी मार्ग नहीं मिल पाया। जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिस ने आंबेडकर चौराहे और वितरोई मोड़ के वैकल्पिक रास्ते अपनाए। इन मार्गों से निकलने वाले वाहन चालक को लगभग 14 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि हाईवे पर जाम की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी वाहन चालक पर डंडा नहीं मारा गया और केवल ट्रैक्टरों को हटवाया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले छह-सात दिनों से हाईवे पर रोजाना जाम की समस्या बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.