बहराइच: तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बालक घायल, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ग्राम पंचायत कारीकोट के मजरा आजमगढ़पुरवा में शुक्रवार शाम एक तेंदुए ने खेल रहे सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और शोर मचाने के कारण तेंदुए ने बालक को लगभग 100 मीटर दूर ले जाने के बाद छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार, राम विलास के आंगन में उनके सात वर्षीय बेटे चंद्रशेखर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान जंगल से निकलकर तेंदुआ आंगन में आया और बालक को पकड़ लिया। तेंदुआ बालक को ओरई नाला की दिशा में ले जाने लगा, तभी ग्रामीणों ने चिल्लाकर तेंदुए को भयभीत किया।
बालक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया और स्थिति गंभीर होने पर सीएचसी मोतीपुर से मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तेंदुए के हमले की जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और वन रक्षक कौशल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमले की पुष्टि की और ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.