बहराइच: नानपारा-राह पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

बहराइच के नानपारा-बहराइच मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल किशोर का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
रामगांव थाना क्षेत्र के बेहननपुरवा चाकूजोत गांव निवासी इसरार (20), अरुण (16) और अक्षय कुमार (15) शादी समारोहों में मंडप सजाने का काम करते थे। शनिवार को तीनों सिविल लाइंस स्थित एक लॉन में विवाह कार्यक्रम में काम करने के बाद रात करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। झिंगहाघाट पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरने के बाद ट्रक के पहिए अरुण पर आ गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल इसरार और अक्षय को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया। अक्षय के पैर में फ्रैक्चर आया है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के समय मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी और घायल अक्षय भी बेहोश था। सुबह 11 बजे अक्षय को होश आने पर सभी की पहचान हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय तीनों युवक हेलमेट नहीं पहन रहे थे और बाइक पर ट्रिपलिंग की जा रही थी। नियमों की यह अनदेखी हादसे का प्रमुख कारण बनी। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रामगांव थानाध्यक्ष मदनलाल ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.