बरेली: पुलिस ने मनाई रंग-बिरंगी होली, अधिकारी और जवानों ने जमकर किया डांस

बरेली। शहरवासियों की होली सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने के बाद गुरुवार को पुलिस ने अपने स्तर पर होली का आयोजन किया। हर साल की तरह इस बार भी पुलिस की होली रंग और उमंग के साथ मनाई गई।
जिले के कप्तान अनुराग आर्य ने अपनी टीम के साथ पुलिस लाइंस में गानों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान गाने जैसे "छोरा मैं भी सुथरा था", "जुम्मा चुम्मा दे दे" और "इश्क तेरा तड़पावे" पर अधिकारी और जवानों ने अपने कदम जमाए। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी "लंदन ठुकमदा" गाने पर धमाल मचाया।
सुबह से ही शुरू हुई तैयारियां
सुबह आठ बजे से पुलिस लाइंस में होली की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बड़े टैंकरों में पानी भरा गया और दो डीजे बुलाए गए। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों में रंग मिलाकर उड़ाने की व्यवस्था भी की गई।
अधिकारियों के आवास पर रंगीन जश्न
सबसे पहले सभी अधिकारी एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारी, और एसपी नार्थ मुकेश मिश्रा अपने-अपने आवास पर पहुंचे और गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी। इसके बाद डीआईजी अजय कुमार साहनी और कमिश्नर के आवास का रुख किया, जहां अधिकारी और जवानों ने मिलकर खूब रंग उड़ाया और गानों पर नृत्य किया।
सिर पर ग्लास रखकर डांस
होली का जश्न तब और भी मनोरंजक हो गया जब डीएसपी संदीप सिंह ने सिर पर ग्लास रखकर "एनिमल मूवी" के गाने पर डांस किया। उनके संतुलन और स्टेप्स ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रमुख अधिकारी भी शामिल
इस दौरान एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नार्थ मुकेश मिश्रा, और एसपी ट्रैफिक अकमल खान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और जवानों के साथ जश्न में शामिल हुए।
पुलिस की यह होली न केवल रंग-बिरंगी थी, बल्कि टीम भावना और आपसी मिलन का भी शानदार उदाहरण रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.