काजी परिवार की कलह खुलकर आई सामने, इमरान मसूद के भतीजे ने शायान मसूद पर लगाए गंभीर आरोप

HIGHLIGHTS
- सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर शायान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए।
- हमजा ने अपनी बहन के साथ पांच वर्षों से ज्यादती होने और अभद्र व्यवहार कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया।
- उन्होंने बहन के बेटे के साथ भी जुल्म होने और इमरान मसूद के खिलाफ राजनीतिक साजिश किए जाने का आरोप लगाया।
सहारनपुर। सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के सपा में शामिल होने के बाद काजी परिवार का अंदरूनी विवाद सामने आने लगा है। परिवार के बीच चल रही खींचतान और मनमुटाव अब सार्वजनिक हो गया है। सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर शायान मसूद पर आरोप लगाए हैं। वहीं, शायान मसूद ने भी हमजा के वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
हमजा मसूद ने लगाए कई आरोप
हमजा मसूद ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उनकी बहन पिछले पांच साल से ज्यादती झेल रही हैं। उन्होंने कहा कि बहन के साथ अभद्र व्यवहार कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। हमजा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ भी जुल्म किया जा रहा है और इमरान मसूद के खिलाफ राजनीतिक साजिश रची जा रही है। उन्होंने वीडियो में इन ज्यादतियों से जुड़े सबूत होने की बात भी कही।
हमजा ने आरोप लगाया कि राजनीति के कारण उनकी बहन को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि उनके पिता अस्पताल में हैं और इसके बावजूद राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बहन और अपने पिता की वजह से ही वे शायान के कथित जुल्म सहन कर रहे थे। हमजा ने आगे कहा कि वे सक्षम हैं और अपनी बहन के बेटे को अच्छी शिक्षा और बेहतर परवरिश देंगे। उन्होंने कहा कि उनके दादा राशिद मसूद की राजनीतिक विरासत उनके बाबा नोमान मसूद और ताऊ इमरान मसूद को मिली है।
शायान मसूद ने वीडियो पर दी प्रतिक्रिया
हमजा मसूद के वीडियो पर सपा नेता शायान मसूद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अफसोस है कि हमजा को इस स्तर तक जाना पड़ रहा है। शायान ने कहा कि उनका स्तर ऐसा नहीं है कि वह घर की बातों को राजनीति के लिए सार्वजनिक करें।
उन्होंने कहा कि हमजा के पास उनकी राजनीतिक बातों का जवाब नहीं है, इसलिए निजी हमले किए जा रहे हैं। शायान ने यह भी कहा कि उनके पास कई वीडियो हैं, लेकिन वह उन्हें सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
इमरान मसूद के बयान के बाद बढ़ा विवाद
बता दें कि पिछले दिनों सांसद इमरान मसूद ने प्रेसवार्ता में कहा था कि उनके परिवार से कोई भी सदस्य इस चुनाव में नहीं लड़ेगा। इसके बाद काजी परिवार में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। इसी बीच इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद सपा में शामिल हो गए।
अब काजी परिवार की राजनीतिक विरासत किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.