कासगंज में बंद घर से दंपती और तीन बच्चों के शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

कासगंज (यूपी)। जिले के अमांपुर क्षेत्र में शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना पेट्रोल पंप के पीछे स्थित एक मकान की है, जहां दंपती और उनके तीन बच्चों के शव घर के अंदर पाए गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मकान अंदर से बंद था। खिड़की की जाली से झांकने पर परिवार के मुखिया सत्यवीर का शव फंदे से लटका दिखाई दिया, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चे घर के भीतर मृत अवस्था में पड़े मिले।
पुलिस ने दरवाजा खोलने के लिए वेल्डिंग मशीन की मदद ली और अंदर प्रवेश किया। सत्यवीर की पत्नी रामश्री, बेटियां प्राची और आकांक्षा तथा बेटे गिरीश के शव फर्श पर मिले। सत्यवीर स्थानीय स्तर पर वेल्डिंग का काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। इलाके में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन घर के आसपास घेरा डाल दिया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.