JPSC मेधा घोटाला: रांची-हजारीबाग के कोचिंग सेंटरों पर CID की छापेमारी, OMR शीट में हेराफेरी का आरोप

HIGHLIGHTS
- गिरफ्तार एजेंटों और अभ्यर्थियों से कोचिंग संस्थानों की भूमिका की जानकारी मिली।
- JSSC मामले में अभय तिवारी, सुषमा कुमारी और अक्षय तिवारी से पूछताछ जारी है।
- पेपर लीक और ओएमआर में हेराफेरी समेत कई बिंदुओं पर जांच चल रही है।
रांची। जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर जांच कर रही सीआईडी ने रविवार को रांची और हजारीबाग के दो कोचिंग संचालकों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मामले से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए गए।
सीआईडी की टीम ने रांची के लालपुर स्थित शिवांगन की पाठशाला और उसके निदेशक-संचालक संजीत कुमार के रातू रोड स्थित आवास पर दबिश दी। इसके अलावा हजारीबाग जिले के मेघा कोचिंग सेंटर में भी दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की गई।
जांच के दौरान संबंधित ठिकानों से साक्ष्य के तौर पर कुछ दस्तावेज भी एकत्र किए गए। इन कोचिंग संस्थानों और उनसे जुड़े संचालकों व निदेशकों पर जेपीएससी परीक्षाओं में सेटिंग कराने, ओएमआर शीट में हेराफेरी करने और अभ्यर्थियों को पास कराने के आरोप हैं।
पूर्व में गिरफ्तार अभ्यर्थियों और एजेंटों से मिली कोचिंग संस्थानों की जानकारी
जेपीएससी मेधा घोटाला मामले की जांच के दौरान सीआईडी ने जेपीएससी में सेटिंग कराने वाले एजेंटों और कुछ अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में गिरफ्तार एजेंटों और अभ्यर्थियों ने इन कोचिंग संस्थानों के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद सीआईडी को उनकी भूमिका संदिग्ध मिली।
अब सीआईडी इन कोचिंग संस्थानों की भूमिका का सत्यापन कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा में पेपर लीक हुए, ओएमआर शीट में हेराफेरी की गई और परीक्षा हॉल से बाहर भी प्रश्नों के उत्तर हल किए गए। इन सभी बिंदुओं पर सीआईडी की जांच जारी है।
जेएसएससी मामले में मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपितों से लगातार दूसरे दिन पूछताछ
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में हेराफेरी कर नौकरी हासिल करने वाले मास्टरमाइंड और परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी समेत तीन आरोपितों से सीआईडी की एसआईटी ने रिमांड पर लगातार दूसरे दिन पूछताछ की।
पूछताछ किए गए आरोपितों में अभय तिवारी के अलावा उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी शामिल हैं। सीआईडी इन सभी से जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले सिंडिकेट के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आरोपितों से परीक्षा पास करने के तरीके, मदद करने वालों, खर्च की गई राशि, भुगतान की जगह और तरीके, प्रश्न-पत्र लीक करने और प्रश्नों के उत्तर हासिल करने सहित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.