सीसीएस यूनिवर्सिटी का अनोखा कारनामा, रिजल्ट जारी हुए बिना 69 कॉलेजों को भेज दीं मार्कशीट

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) की ओर से 69 कॉलेजों के छात्रों को बिना रिजल्ट जारी किए ही आधी-अधूरी मार्कशीट भेजे जाने का मामला सामने आया है। शुरुआत अम्बरीश शर्मा एजुकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी में बीएड अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ हुआ, लेकिन जांच में पता चला कि यह समस्या कई कॉलेजों में फैल चुकी है।
सोमवार को छात्र नेता अंकित अधाना के नेतृत्व में बीएड के छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे और आधी-अधूरी मार्कशीट परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र मौर्य को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई। छात्रों का कहना था कि पोर्टल पर उनके आंतरिक एवं प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक तो अपलोड थे, लेकिन रिजल्ट जारी नहीं हुआ। इसके बावजूद कॉलेजों में मार्कशीट पहुंची, जिन पर विश्वविद्यालय कर्मचारियों के हस्ताक्षर भी मौजूद थे।
परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र मौर्य ने छात्रों से कहा कि यह मामला संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच कर दो दिन में समाधान किया जाएगा। छात्रों ने विश्वविद्यालय से लापरवाह कॉलेजों पर आर्थिक दंड लगाने और संबद्धता समाप्त करने की भी मांग की। उनका कहना है कि किसी भी छात्र का परिणाम बिना वजह रोका नहीं जाना चाहिए।
छात्रों ने अधूरी मार्कशीट भेजने और पोर्टल पर अंक अपलोड न करने वाले कॉलेजों के खिलाफ विशेष जांच समिति बनाने और कार्रवाई करने की भी मांग की। इस दौरान विनीत चपराना, रोहित गुर्जर, गौरव, आशु गोस्वामी, रवि, कृष्ण कुमार, सोनी, अरुण और सुमित मौजूद रहे।
परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया, “छात्रों की शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी और दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.