चंद्रशेखर ने कहा था मायावती ने कांशीराम को ब्लैकमेल किया, रोहिणी ने 3 मिनट का ऑडियो किया पोस्ट

नगीना। सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ उनकी पूर्व साथी डॉ. रोहिणी घावरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ऑडियो साझा किया। रोहिणी ने पोस्ट में लिखा कि चंद्रशेखर आजाद का बहनजी के प्रति नजरिया बेहद घटिया है और यह बहुजन आंदोलन को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है।
रोहिणी के अनुसार, ऑडियो में सुनी जाने वाली आवाज खुद चंद्रशेखर आजाद की है। इसमें वे बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती और कांशीराम को लेकर विवादित बातें कर रहे हैं। ऑडियो में चंद्रशेखर कहते सुनाई देते हैं कि मायावती ने कांशीराम को ब्लैकमेल किया था और उनके भाई ने पिस्टल रख दी थी। इसके अलावा वे यह भी कहते हैं कि अगर उन्हें उत्तराधिकारी बनाया गया, तो वे आजाद समाज पार्टी को बसपा में मिला देंगे। रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका में रहने वाले सोनू अंबेडकर की किताब “कांशीराम साहब की हत्यारन” लोगों में बांटकर बहनजी के खिलाफ नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है।
रोहिणी ने कहा कि इस बातचीत से स्पष्ट है कि वे बहुजन आंदोलन के प्रति वफादार हैं, जबकि चंद्रशेखर उसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्यों हमारे महापुरुषों के प्रति नई पीढ़ी के मन में नफरत भरी जा रही है? आखिर यह साजिश किसके इशारे पर हो रही है?” रोहिणी ने यह भी घोषणा की कि जो भी इस ऑडियो को एआई जनरेटेड या फेक साबित करेगा, उसे एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। वह शाम 7 बजे फेसबुक लाइव पर आकर पूरी बात और सवालों के जवाब देंगी।
ऑडियो बातचीत में सुनी जा सकने वाली कुछ लाइनें इस प्रकार हैं:
रोहिणी: “मैं पूरी कोशिश करूंगी, मेरा वादा है। आपने मुंह न फेरा होता तो आज हालात और होते।
चंद्रशेखर: “तू कोशिश कर, मैं मिलने जरूर जाऊंगा।”
रोहिणी: “अगर वो कहें पार्टी का विलय कर दो, तो क्या करोगे?”
चंद्रशेखर: “मैं कहूंगा मुझे उत्तराधिकारी बना दें।”
रोहिणी: “अगर वो राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहें तो?”
चंद्रशेखर: “राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तराधिकारी दोनों चाहिए।” हालांकि बसपा में दोनों एक ही पद है।
बातचीत में आगे चंद्रशेखर यह भी कहते सुनाई देते हैं कि उन्होंने अपने दम पर बसपा को चुनौती देने लायक स्थिति बना ली है और मायावती को उत्तराधिकारी घोषित करने पर मजबूर कर दिया है। ऑडियो में वे यह भी दावा करते हैं कि मायावती ने कांशीराम से सत्ता हासिल करने के लिए उन्हें ब्लैकमेल किया था।
इससे पहले गुरुवार को डॉ. रोहिणी ने सोशल मीडिया पर संकेत देते हुए लिखा था कि वह बड़ा खुलासा करने वाली हैं। उन्होंने कहा, “जो सच मैं कल दिखाने वाली हूं, उसे फेक या एआई कहकर साबित करने वाले को 1 करोड़ का इनाम। फर्जी नेता की उलटी गिनती शुरू।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.