यूपी में बदला मौसम का मिजाज: कहीं बारिश, तो कहीं बढ़ी रात की गर्मी

यूपी: प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड के साथ नमी भी बढ़ गई है। सबसे अधिक वर्षा संभल में 95 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड सीमा से सटे तराई क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 26 जनवरी के बाद फिर से मौसम करवट लेगा और 27 व 28 जनवरी को एक और बारिश का दौर लौट सकता है। इस बीच रविवार से तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट की संभावना जताई गई है।
मेरठ में 38 मिमी, मुजफ्फरनगर में 31.2 मिमी और सहारनपुर में 31 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, उत्तराखंड सीमा से जुड़े जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार को ठंड और बढ़ेगी तथा न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।
फिलहाल अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 27 जनवरी से दो दिन के लिए फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से लगे इलाकों में रविवार व सोमवार की सुबह घना कोहरा छाने के आसार हैं। सहारनपुर, बिजनौर, बरेली और मुरादाबाद जैसे जिले कोहरे से प्रभावित हो सकते हैं।
राजधानी में दर्ज हुई सीजन की सबसे गर्म रात
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार रात लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम की अब तक की सबसे गर्म रात मानी जा रही है। यही नहीं, यह रात पूरे प्रदेश में भी सबसे गर्म रही। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, जनवरी माह में लखनऊ के इतिहास में यह 2005, 2007 और 2019 के बाद चौथी सबसे गर्म रात रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.