दिल्ली में बढ़ेगी ठिठुरन, तीन दिन तेज सर्द हवाओं का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तेज और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है, जिससे खासकर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि 5 से 8 जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में ठिठुरन और बढ़ेगी।
सोमवार को राजधानी में गलन भरी ठंड ने लोगों को दिनभर परेशान रखा। हल्के बादलों की वजह से अधिकांश इलाकों में सुबह और दोपहर तक धूप नहीं निकल पाई। दोपहर बाद सूर्य के दर्शन जरूर हुए, लेकिन सर्द हवाओं के कारण राहत नहीं मिल सकी। इस दिन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम रहकर 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा, जो औसत के आसपास है। आर्द्रता का स्तर भी काफी अधिक रहा और कुछ इलाकों में सुबह के समय नमी 100 प्रतिशत तक पहुंच गई।
विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी अंतर देखा गया। रिज क्षेत्र में तापमान 8.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि आया नगर में 6.6, लोधी रोड में 7.2 और पालम में 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मंगलवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
6 से 11 जनवरी तक मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 6, 7 और 8 जनवरी को राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे दिन में धूप खिलने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। 6 और 7 जनवरी को दोपहर के वक्त 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जो बाद में कमजोर पड़ जाएंगी।
8 जनवरी को भी सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के आसार हैं, जबकि दिन में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, 9 से 11 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में आंशिक रूप से हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, हालांकि इस दौरान मौसम सामान्य रूप से शुष्क ही रहने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.