सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह एक बार फिर जनसेवा का दायित्व निभाया। मुख्यमंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम से पहले ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित व संवेदनशील समाधान के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात की, उनकी शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागों को तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए। राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित को समाधान की जानकारी भी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों से बातचीत के दौरान यह भी पूछा कि क्या उन्होंने अपनी समस्या स्थानीय स्तर पर अधिकारियों के सामने रखी है। कई लोगों द्वारा ‘नहीं’ कहे जाने पर उन्होंने सलाह दी कि पहले अपने जिले के अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि अनावश्यक परेशानी और यात्रा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी को देखते हुए लोग अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से परेशान न हों।
जनता दर्शन में पहुंचे बच्चों के साथ मुख्यमंत्री ने आत्मीयता भी दिखाई। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट भेंट की। एक छोटे बच्चे की मुस्कुराहट पर मुख्यमंत्री ने स्वयं उसे चॉकलेट दी, जिससे वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.