दिल्ली-यूपी में ठंड और कोहरे का प्रकोप, हवाई सेवाएं प्रभावित

नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा, लेकिन सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ा।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी घट गई है। उधर, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-यूपी में कोहरे का असर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीतलहर के साथ घना कोहरा देखने को मिला। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा, लेकिन ठंडक बरकरार है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं हैं।
राजस्थान में बढ़ी ठंड
राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर का असर जारी है। न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा है, जबकि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में ठंड तेज है और कुछ स्थानों पर तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालिया बर्फबारी के बाद पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बनी हुई है, हालांकि फिलहाल नई बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 17-18 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में भी कड़ाके की ठंड जारी है। पुलवामा और शोपियां जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस 3 से माइनस 5 डिग्री तक दर्ज किया गया। बादल छाए रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन ठंड का असर बना हुआ है।
हवाई सेवाओं पर पड़ा असर
घने कोहरे के चलते उत्तर और पूर्वी भारत में हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी या समय परिवर्तन की आशंका जताई है।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगातार दूसरे दिन कोहरे का असर देखने को मिला। सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक 131 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 400 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। कम दृश्यता के कारण 15 से ज्यादा उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। इस दौरान कई बार रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.