दिल्ली-एनसीआर में ठंड का कहर, अगले तीन दिन रहें सतर्क, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली और एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलते हुए लोगों को सर्दी का एहसास अचानक बढ़ा। दिन भर हल्की ठंड और गलन महसूस की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें सुबह के समय कोहरे के घने होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा तीन से छह जनवरी के बीच शहर के कुछ हिस्सों में शीतलहर भी पड़ सकती है।
हालांकि शुक्रवार के लिए पहले से जारी अरेंज अलर्ट का असर कम ही देखने को मिला, क्योंकि हवा की रफ्तार बढ़ने के कारण कोहरा ज्यादा घना नहीं रहा। सफदरजंग इलाके में गुरुवार रात डेढ़ से दो बजे के बीच दृश्यता केवल 800 मीटर थी, जो ढाई बजे तक 1,200 मीटर तक बढ़ गई।
उत्तर-पश्चिम की तरफ से तेज हवाओं के साथ पहाड़ी इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी की ठंडक दिल्ली और एनसीआर तक पहुंच रही थी। इसी वजह से दोपहर के समय गलन और सर्दी का एहसास और बढ़ गया।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर हवा में नमी का स्तर 68 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा घना हो सकता है। विभाग ने चेताया कि शनिवार से मंगलवार के बीच दिल्ली और हरियाणा के कुछ इलाकों में शीतलहर के हालात बन सकते हैं। शीतलहर तब मानी जाती है जब न्यूनतम तापमान औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री कम हो।
शुक्रवार का तापमान (°C) – दिल्ली के प्रमुख इलाकों में:
| क्षेत्र | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| लोधी रोड | 17.4 | 9.0 |
| आयानगर | 17.2 | 8.1 |
| रिज क्षेत्र | 17.0 | 8.7 |
| पालम | 16.4 | 9.0 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.