मोंथा चक्रवात से फसलों की बर्बादी पर कांग्रेस चिंतित, अजय राय ने सीएम योगी को लिखा पत्र

लखनऊ। मोंथा चक्रवात के कारण बीते दो दिनों में हुई भारी वर्षा से किसानों को हुए नुकसान पर कांग्रेस ने गहरी चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
अजय राय ने अपने पत्र में लिखा है कि बेमौसम बारिश ने प्रदेशभर के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। धान, आलू, तिलहन और हरी सब्जियों की फसलें खेतों में नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि महोबा में फसल बर्बाद होने के सदमे से किसान छोटेलाल की मौत हो गई, जबकि झांसी में किसान कमलेश यादव ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं दिखाती हैं कि किसान कितनी विकट परिस्थिति से गुजर रहे हैं।
अजय राय ने मांग की है कि सरकार तत्काल राहत पैकेज घोषित करे और कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर फसल क्षति का त्वरित सर्वे करें। साथ ही, प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। उन्होंने महोबा के किसान छोटेलाल और झांसी के किसान कमलेश यादव के परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी अपील की।
राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य जारी रखेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.