दिल्ली: मैनेजर के दोनों अंगूठे काटने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 वर्षीय फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर इवेंट मैनेजर के साथ बर्बरता करने और उसके दोनों अंगूठे काटने का गंभीर आरोप है। पकड़े गए आरोपी की पहचान ब्रह्मदेव भगत (70) के रूप में हुई है, जिसे दिसंबर 2025 में अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था। पुलिस के अनुसार यह मामला 11 लाख रुपये के लेनदेन विवाद से जुड़ा हुआ है।
लेनदेन विवाद से शुरू हुई वारदात
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित सुरेंद्र नंदा इवेंट मैनेजमेंट का काम करता था। 17 मार्च 2020 को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें एक बड़ी पार्टी के आयोजन के लिए मिलने की बात कही गई थी। उसी दिन उनकी पहले से डॉक्टर अपॉइंटमेंट होने के कारण उन्होंने अपने मैनेजर कपिल चड्डा को द्वारका सेक्टर-23 भेजा।
द्वारका पहुंचने पर सामने वाले पक्ष ने सुरेंद्र से खुद मिलने की जिद की, जिसके बाद उन्हें भी वहां बुलाया गया। जैसे ही सुरेंद्र अपने ड्राइवर के साथ मौके पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
बेरहमी से हमला और लूट
आरोप है कि हमलावरों ने पहले डंडों से मारपीट की और फिर चाकू दिखाकर पीड़ित से नकदी और कीमती सामान लूट लिया। इस दौरान सुरेंद्र की हीरे की अंगूठी और करीब 27 हजार रुपये भी छीन लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने दबाव बनाकर उनसे कुछ दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान पीड़ित के दोनों हाथों के अंगूठे चाकू से काट दिए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे साथी आरोपी
इस मामले में पुलिस पहले ही जितेंद्र, अमरदीप और गौतम नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत लगातार फरार चल रहा था।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मिली सूचना के आधार पर उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरानी रंजिश में रची गई साजिश
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पहले दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में सब्जी का कारोबार करता था। वर्ष 2015 से उसने होलसेल सप्लाई का काम शुरू किया था और इसी दौरान वह पीड़ित सुरेंद्र नंदा को भी सब्जियां सप्लाई करता था।
आरोप है कि पीड़ित पर लगभग 11 लाख रुपये बकाया थे, जिसकी वसूली को लेकर विवाद बढ़ता गया। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.