'चंदा चोरी करने वालों के घर का रास्ता भूल गया बुलडोजर', धर्मेंद्र यादव का भाजपा पर हमला

HIGHLIGHTS
- धर्मेंद्र यादव ने जंतर-मंतर और किसानों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
- सपा सांसद ने जल जीवन मिशन और एक्सप्रेसवे निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाए।
- उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव में जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी।
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने पीडीए भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में जब से एनडीए की सरकार बनी है, तब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में 12 साल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में साढ़े नौ साल के कार्यकाल से आम जनता परेशान हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के प्रति समाज के हर वर्ग में नाराजगी और असंतोष है।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह नाराजगी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों, युवाओं और बेटियों के आंदोलन, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, आजमगढ़, वाराणसी और पटना में हुए आंदोलनों के साथ ही भोपाल में किसानों के प्रदर्शन से भी दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह असफल हो चुकी है।
चंदा चोरी करने वालों के घर का रास्ता भूल गया बुलडोजर: धर्मेंद्र यादव
सांसद ने कहा कि जो लोग दिन-रात बुलडोजर लेकर घूमते थे, उनका बुलडोजर अब चढ़ावा और चंदा चोरी करने वालों के घर का रास्ता भूल गया है या उसकी चाबी खो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक के जिन लोगों को बड़ा माफिया बताया जाता है, वे मुख्यमंत्री के मंच पर उनके पीछे खड़े दिखाई देते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने कहा कि सरकार सख्त कानून बनाने की बात करती है, लेकिन उसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कार्रवाई की निंदा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुकदमे वापस लेने के अपने वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई में देरी को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे छात्रों को नुकसान हुआ है।
बेटियों के अपमान का लगाया आरोप
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों, युवाओं और बेटियों के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, उससे दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश के लोग निराश हैं। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों के बच्चों का भविष्य दांव पर है। रोजगार, शिक्षा, किसान और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है।
उन्होंने जल जीवन मिशन में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर यह देश का सबसे बड़ा घोटाला साबित हो सकता है। इसके अलावा उन्होंने एक्सप्रेसवे निर्माण में भी अनियमितताओं और कमीशनखोरी के आरोप लगाए।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.