जाति-धर्म के आधार पर विभाजन समाज को करता है कमजोर: चौधरी जयंत

मेरठ: गांव ईकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल की “एकता रैली” को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की ताकत उसकी एकजुटता और आपसी सहयोग में निहित होती है। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटना उसे कमजोर करता है, इसलिए सभी को मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
जयंत सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि राष्ट्रीय लोकदल को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी लोग एकजुट होकर काम करें। उन्होंने चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि इन्हीं सिद्धांतों को आधार बनाकर संगठन आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों, मजदूरों और हर वर्ग के बीच भाईचारे और समरसता को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि ईकड़ी गांव से उनका और उनके परिवार का पुराना जुड़ाव रहा है और चौधरी अजित सिंह भी इस गांव को विशेष महत्व देते थे। संगठन में युवाओं को आगे लाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि नए चेहरों को अवसर दिया जा रहा है ताकि युवा नेतृत्व तेजी से आगे बढ़ सके।
शिक्षा के क्षेत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज बेटियां लगातार आगे बढ़ रही हैं और सरकार भी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर काम जारी है, जिसके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रोजेक्ट युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज और गौरव जिटौली ने किया।
इससे पहले जयंत सिंह ने सकौती गांव स्थित हितकारी किसान इंटर कॉलेज में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि संगठन के मजबूत दौर में कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह और समर्पण देखने को मिलता था, जहां लोग हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और भाईचारा ही संगठन की मजबूती की असली नींव है।
राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह ने हमेशा किसानों, मजदूरों और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी हुई है।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, विधायक गुलाम मोहम्मद, प्रसन्न चौधरी, अजय कुमार, अशरफ अली, सुनील रोहटा, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, संगीता दोहरे, आतिर रिजवी, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.