गांजाम में बीजद नेता के घर ईडी का छापा, अलमारी में नोटों के बंडल बरामद

भुवनेश्वर। ओडिशा के गांजाम जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजद) के जिला उपाध्यक्ष और ठेकेदार ऋषिकेश पाढ़ी के ठिकानों पर बड़ा छापा मारा। उनके आवास से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। अधिकारियों के अनुसार, अलमारियों में नोटों के बंडल देखकर ईडी की टीम भी हैरान रह गई।
गांजाम में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, ऋषिकेश पाढ़ी से जुड़े लगभग 20 स्थानों पर ईडी ने छापेमारी की। इसमें बरहमपुर शहर के बिजीपुर, लांजीपल्ली, जयप्रकाश नगर और न्यू बस स्टैंड क्षेत्र शामिल हैं। इनके साथ ही कई कारोबारियों के घर और प्रतिष्ठानों की भी तलाशी ली गई।
वित्तीय अनियमितताओं और चोरी के आरोप
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और अवैध कमाई से संबंधित है। हालांकि, जब्त की गई नकदी की कुल राशि और उसके स्रोत को लेकर अभी तक ईडी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
रेत माफिया नेटवर्क पर शिकंजा
सूत्रों ने बताया कि जिले में सक्रिय रेत माफिया ऑटो मालिकों, ट्रैक्टर चालकों और दुकानदारों के नाम पर रेत खनन के पट्टे लेकर अवैध धन अर्जित कर रहे थे। छह रेत माफियाओं के खिलाफ ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल छापेमारी जारी है और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.