दुल्हन बन हाईवे पर स्टंट करने वाली रीलबाज युवती पर एफआईआर

हाईवे पर दुल्हन के लिबास में बाइक चलाकर रील बनाने वाली युवती को पुलिस ने पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। वायरल वीडियो के आधार पर की गई जांच में युवती की पहचान कटघर क्षेत्र के ख्वाजा नगर निवासी तूबा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाई, जिससे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवती दुल्हन की पोशाक पहनकर हाईवे पर अलग-अलग बाइकों पर स्टंट करती नजर आ रही थी। वीडियो में फिल्मी गानों के साथ रील बनाई गई थी।
वीडियो में युवती बिना हेलमेट बाइक चलाती दिखी। कुछ क्लिप्स में वह बाइक चलाते समय हैंडल से हाथ हटाकर भी स्टंट करती दिखाई दी, जिसे लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे।
साइबर सेल की मदद से हुई पहचान
यातायात पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रही बाइक के नंबरों की मदद से जांच शुरू की। साइबर सेल की सहायता से युवती की पहचान की गई।
ट्रैफिक पुलिस के दरोगा रूणित तोमर की शिकायत पर युवती के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवती ने न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा को भी खतरे में डाला।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इससे पहले भी युवती द्वारा हाईवे पर बाइक चलाकर रील बनाने का मामला सामने आया था। उस समय नवंबर 2024 में उसकी बाइक का चालान किया गया था।
इसके बावजूद दोबारा इसी तरह के वीडियो सामने आने पर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि कटघर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और धारा 125(बी) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.