सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की भिड़ंत, दो की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास किलोमीटर 162.7 पर हुआ।
- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार कथित तौर पर गलत दिशा में आ गई थी।
- मृतकों की पहचान श्याम बिहारी सिंह (62) और अजय कुमार गुप्ता (40) के रूप में हुई।
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। दोस्तपुर थाना क्षेत्र में बढ़ौली गांव के पास किलोमीटर 162.7 पर आर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतक दोनों बिहार के रहने वाले थे। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्टिगा कार आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार कथित तौर पर गलत दिशा में आ गई, जिसके चलते दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।
बिहार के दो लोगों की मौके पर मौत
इस हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार में सवार श्याम बिहारी सिंह (62) पुत्र टिक्कू सिंह और अजय कुमार गुप्ता (40) पुत्र देवेंद्र, निवासी बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कार में बैठे कन्हैया पुत्र ध्यान सिंह और अशोक कुमार यादव निवासी बेतिया, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी दोस्तपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर भेज दिया गया।
वहीं, आर्टिगा कार में सवार रीता (45) पत्नी राजेश कुमार, उनकी बेटियां दीक्षा (18) और दीपशिखा (21), विनोद की पुत्री गरिमा (25) और संदीप यादव (30) पुत्र सुरेश यादव, निवासी कलदपुर, आजमगढ़ भी घायल हो गए। सभी घायलों का सीएचसी दोस्तपुर में उपचार किया गया।
बेटे की शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, रीता के बेटे की शादी नवंबर में होनी है। परिवार शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था। इसी बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया, जिससे शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीएचसी दोस्तपुर में अधीक्षक डॉ. अजीत, डॉ. आरके पांडेय और डॉ. आज्ञाराम यादव ने घायलों का इलाज किया। राहत एवं बचाव कार्य में दोस्तपुर के क्राइम इंस्पेक्टर सूबेदार यादव और उपनिरीक्षक अनूप सिंह भी शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.