न्यू अशोक नगर थाने में आग का तांडव, कई वाहन जलकर खाक

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मालखाने में खड़ी गाड़ियों में आग लग गई। यह घटना करीब 1:06 बजे हुई, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में कुल 10 दमकल गाड़ियां तैनात करनी पड़ीं। करीब 2:20 बजे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
थाना परिसर के पास पेट्रोल पंप होने के कारण आग लगते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर हड़कंप मच गया। सुरक्षात्मक दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को भी अलर्ट कर दिया गया।
कोई जनहानि नहीं, लेकिन वाहन जले
इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि मालखाने में खड़ी कई गाड़ियां और कबाड़ का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। स्थानीय आप विधायक कुलदीप सिंह ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नजदीक फायर स्टेशन होने के बावजूद दमकल वाहन मौके पर समय पर नहीं पहुंचे।
वहीं दमकल विभाग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि टीम निर्धारित समय के भीतर मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है कि आग लगने की असली वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.