गुरुग्राम: ओसी की मांग को लेकर अंसल हाइट्स में जोरदार प्रदर्शन

गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-92 स्थित अंसल हाइट्स सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने रविवार को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (OC) को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। करीब एक दशक पहले फ्लैट मिलने के बावजूद अब तक ओसी जारी न होने से यहां रहने वाले 300 से अधिक परिवार परेशान हैं।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने फ्लैट की पूरी रकम, रखरखाव शुल्क और अन्य सरकारी शुल्क समय पर अदा कर दिए हैं, फिर भी बिल्डर ने अब तक ओसी हासिल नहीं किया। इसकी वजह से उन्हें स्थायी बिजली-पानी कनेक्शन, रजिस्ट्री, फ्लैट की बिक्री और होम लोन जैसी बुनियादी सुविधाओं में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही इमारत की सुरक्षा और फायर सेफ्टी को लेकर भी चिंताएं बनी हुई हैं।
अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सदस्य नरेंद्र पन्नू ने बताया कि बिल्डर से कई बार लिखित अनुरोध और बैठकें की गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर निवासियों को सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठानी पड़ी।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मांग की कि बिल्डर और संबंधित विभाग यह स्पष्ट करें कि ओसी में देरी क्यों हो रही है, इसे जारी करने की तय समयसीमा बताई जाए और जिम्मेदार पक्षों की जवाबदेही तय हो। निवासियों ने हरियाणा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से भी हस्तक्षेप की अपील की है।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासनिक कार्यालयों के बाहर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सोसाइटी के लोग शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.