फटा सिर, पेट से निकली आंतें… कानपुर में एलएलबी छात्र पर सरेआम चापड़ से हमला, आरोपी फरार

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दवा खरीदने गए एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र पर मेडिकल स्टोर संचालक और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दवा लेने गया छात्र बना हिंसा का शिकार
पीड़ित छात्र अभिजीत सिंह चंदेल (22) कानपुर विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। उसकी मां नीलम सिंह चंदेल ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह दवा लेने मेडिकल स्टोर गया था, जहां पैसों को लेकर दुकान मालिक अमर सिंह से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अमर सिंह के भाई विजय सिंह, प्रिंस राज श्रीवास्तव और निखिल ने मिलकर अभिजीत पर हमला कर दिया।
नीलम के अनुसार, हमलावरों ने पहले उसके सिर पर वार किया जिससे हड्डियां तक नजर आने लगीं। जब अभिजीत गिर पड़ा तो पेट पर कई वार किए गए जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। भागने की कोशिश में हमलावरों ने उसकी दो उंगलियां भी काट दीं। मौके पर भीड़ जुटती देख आरोपी फरार हो गए।
चार अस्पतालों ने किया भर्ती से इनकार
परिजनों ने खून से लथपथ अभिजीत को कपड़ों में लपेटकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर देखकर तीन अस्पतालों ने भर्ती करने से मना कर दिया। आखिरकार रीजेंसी अस्पताल में दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसे भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके सिर पर 14 टांके लगाए गए हैं और पेट की सर्जरी के बाद हालत स्थिर है, हालांकि खतरा अभी टला नहीं है।
पीड़ित पर ही दर्ज हुआ केस, परिवार ने उठाए सवाल
हमले के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस से साठगांठ कर उल्टा घायल अभिजीत पर ही रंगदारी, लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज करा दिया। यह मुकदमा आरोपी विजय सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
अभिजीत की मां का आरोप है कि मुख्य आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो खुद को वकील बताता है। उसके खिलाफ काकादेव थाने में रंगदारी और जमीन कब्जाने के कई मामले दर्ज हैं।
तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में, निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस बर्बर वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.