यूपी में लू और वार्म नाइट का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्म हवाओं और झुलसाने वाली धूप ने लोगों को परेशान किया। प्रयागराज इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा और देशभर में दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 40 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही पश्चिमी यूपी के 17 जिलों में ‘वार्म नाइट’ का अलर्ट दिया गया है, यानी इन इलाकों में रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड
गुरुवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे अधिक रहा। वहीं सुल्तानपुर 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। दूसरी ओर फर्रुखाबाद में रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सबसे गर्म रात के रूप में दर्ज हुआ।
मौसम में बदलाव के संकेत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में बारिश या बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
किन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ समेत कई जिले शामिल हैं।
वार्म नाइट वाले जिले
पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में रातें भी गर्म रहने की संभावना जताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.