उत्तर प्रदेश में मानसून विदाई से पहले बारिश का जोर, पश्चिमी यूपी में ओलों की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून विदाई से पहले जोरदार बारिश और मौसम में बदलाव का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके साथ ही पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बदायूं जिलों में गरज के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाओं का भी अनुमान है। लगभग 38 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता सोमवार को कई जिलों में बारिश और ओले गिरने का कारण बनेगी। मौसम की स्थिति बुधवार से शुष्क रहने की संभावना है।
राजधानी लखनऊ में रविवार को दिन के समय धूप खिली और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। हवा में नमी अधिक होने के कारण दोपहर में उमस बढ़ी। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं से थोड़ी राहत मिली। सोमवार को राजधानी क्षेत्र में बादलों की सक्रियता बढ़ने और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि यदि पश्चिमी विक्षोभ की तीव्रता ज्यादा रही तो मंगलवार को भी लखनऊ में बादल और बूंदाबांदी देखी जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.