होर्मुज पर फिर बढ़ा तनाव, ट्रंप ने शेयर की ‘NEW US Territory’ पोस्ट; ईरान बोला- बंद रहेगा रास्ता

HIGHLIGHTS
- ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर होर्मुज स्ट्रेट का नक्शा साझा किया।
- नक्शे में महत्वपूर्ण समुद्री चोकपॉइंट को घेरा गया था।
- ट्रंप पहले भी होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बनाने की बात कह चुके हैं।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट का नक्शा पोस्ट किया और इसे अमेरिका का नया इलाका बताया। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया भर में तेल, प्राकृतिक गैस और अन्य सामानों की सप्लाई के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में नक्शे की तस्वीर साझा की, जिसमें इस महत्वपूर्ण चोकपॉइंट यानी संकरे समुद्री रास्ते पर घेरा बनाया गया था। 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने इसे बंद कर रखा है। उस समय भी ट्रंप ने इसे अमेरिका का नया इलाका बताया था।
'बहुत जल्द होर्मुज को अमेरिकी इलाका घोषित करूंगा'
ट्रंप ने इससे पहले 18 अगस्त को भी यही तस्वीर पोस्ट की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहली बार 15 अगस्त को इस जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र का हिस्सा घोषित करने की बात कही थी। न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा था, "ईरान को बुरी तरह हराने के बाद बहुत जल्द मैं होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर दूंगा।" उन्होंने आगे कहा था, "यह सच है।"
ईरान का क्या कहना है?
ईरान जहां होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण होने का दावा करता है, वहीं ट्रंप का कहना है कि इस जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है। ईरान ने शनिवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका अपने वादे पूरे नहीं करता और अपना व्यवहार नहीं सुधारता।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने सरकारी टेलीविजन पर कहा, "अमेरिकी दावों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और जब तक अमेरिका अपना व्यवहार नहीं सुधारता, तब तक यह नहीं खुलेगा।" उन्होंने कहा, "इस बार अमेरिका को सबसे पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी।"
रेजाई ने कहा, "हम सभी देशों से कहते हैं... कि वे अमेरिका द्वारा छेड़ी गई आर्थिक जंग में शामिल न हों।" उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने में शामिल किसी भी देश को दुश्मन माना जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.