बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार की टक्कर में छह की मौत

बाराबंकी। देवा-फतेहपुर मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बिशुनपुर कस्बे के पास तेज रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों की मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए देवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिससे यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर खोल दिया गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद प्रशासन से अपील की है कि इस मार्ग पर स्पीड लिमिट का कड़ाई से पालन कराया जाए और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.