गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा का असर, डायवर्जन के चलते सड़कों पर लंबा जाम

HIGHLIGHTS
- सप्ताह के पहले कार्यदिवस पर सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा।
- लालकुआं और जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
- एनएच-9 और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भी बढ़ा दबाव।
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लागू किए गए यातायात डायवर्जन का असर सोमवार सुबह शहर के कई हिस्सों में देखने को मिला। सप्ताह का पहला कार्यदिवस होने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा रहा, जिसके चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
लालकुआं, जीटी रोड, एनएच-9, राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड, राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग, एक्सटेंशन चौराहा और शाहबेरी रोड समेत कई सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। डायवर्जन के चलते लोगों को सामान्य दिनों के मुकाबले अपने गंतव्य तक पहुंचने में दोगुने से अधिक समय लगा।
आमतौर पर करीब 15 मिनट में पूरी होने वाली दूरी तय करने में सोमवार सुबह एक घंटे से ज्यादा समय लग रहा था। कार्यालय और अन्य जरूरी कामों के लिए घर से निकले लोगों को रास्ते में कई जगह जाम का सामना करना पड़ा।
डीएमई पर वाहनों की आवाजाही बंद किए जाने और ट्रैफिक को एनएच-9 व ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट करने के बाद इन मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
इसके अलावा मेरठ रोड और शहर के भीतर लागू किए गए डायवर्जन का असर जीटी रोड तथा राजनगर एक्सटेंशन से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी देखने को मिला। अधिकारियों के मुताबिक, कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था में आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.