बुलंदशहर में पुरानी रंजिश में दो पक्षों में फायरिंग, दूल्हे के भाई को लगी गोली

बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के कस्बा ककोड़ स्थित मोहल्ला व्यापारियान में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामला पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला व्यापारियान निवासी हनीफ के बेटे आरिस की बारात शुक्रवार शाम गुलावठी जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और माहौल खुशियों से भरा था। लेकिन इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही हिंसक रूप ले बैठा।
दोनों पक्षों की ओर से पथराव के साथ हथियारों का भी प्रदर्शन किया गया। इसी दौरान दूल्हे के भाई समीर के पैर में गोली लग गई, जिससे शादी वाले घर में खुशी का माहौल अचानक दहशत और अफरा-तफरी में बदल गया।
चार लोग घायल, पुलिस जांच जारी
सीओ सिकंदराबाद के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से समीर और हसीन घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से यामीन उर्फ भगत जी और असलम को चोटें आई हैं। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
फिलहाल पुलिस समीर को लगी गोली की घटना को लेकर भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और लापरवाही पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पांच थानों की पुलिस फोर्स और सीओ सिकंदराबाद मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की बात कही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि देर रात हुई छोटी झड़प की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते हस्तक्षेप होता तो बड़ा विवाद टल सकता था।
वीडियो के आधार पर पहचान
घटना के दौरान हुई फायरिंग और पथराव के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने इन वीडियो को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन वायरल फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.