कैलाश हिल्स हत्याकांड: दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी राहुल मीणा 7 दिन की न्यायिक हिरासत में

नई दिल्ली। दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ हुई दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
जांच में तेजी, सबूत जुटाए गए
पुलिस ने पूछताछ के दौरान कई अहम सबूत एकत्र किए हैं। आरोपी और पीड़िता के मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन डिजिटल सबूतों से जांच को और मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, पुलिस ने घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
वारदात के बाद लूटपाट का आरोप
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने वारदात के बाद घर से नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान भी लूट लिया और फरार हो गया। बाद में पुलिस ने 15 टीमों की मदद से उसे द्वारका इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया, जहां से लूटा गया सामान भी बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
घटना का विवरण
यह घटना दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स की है, जहां 22 वर्षीय युवती की हत्या उसके पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा ने की थी। आरोप है कि दुष्कर्म के बाद उसने मोबाइल चार्जर केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पीड़िता आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग कर चुकी थी और वर्तमान में यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। वह अपने माता-पिता के साथ तीसरी मंजिल पर रहती थी।
घटना के दिन सुबह उसके माता-पिता जिम गए हुए थे और घर की चाबी बाहर रखी गई थी। जब वे लौटे तो बेटी को अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बदले की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को करीब डेढ़ महीने पहले पैसों में गड़बड़ी के शक में नौकरी से निकाल दिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी सामने आने के बाद मामला स्पष्ट हुआ और उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.