नौगाम ब्लास्ट पर केजरीवाल का सवाल: देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कैसे संभव?

श्रीनगर: शुक्रवार रात लगभग 11:20 बजे श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में एक भयानक विस्फोट हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और करीब 32 लोग घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने मौके को घेर लिया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस घटना को हादसा बताया है। विस्फोट के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अरविंद केजरीवाल ने जताया गहरा दुख
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “श्रीनगर के पुलिस स्टेशन के पास देर रात हुए विस्फोट की खबर बेहद दुखद और चिंता बढ़ाने वाली है। कई बहादुर पुलिसकर्मी शहीद हो गए और कई घायल हैं। परमात्मा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। लेकिन सरकार से ये सवाल भी जरूरी है—देश में ऐसा क्यों हो रहा है? इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे और क्यों होने दी गई?”
डीजीपी का बयान: विस्फोट केवल हादसा
जम्मू-कश्मीर डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि नौगाम विस्फोट केवल एक हादसा था। “पुलिस स्टेशन के बाहर अमोनियम नाइट्रेट रखा गया था, और सैंपलिंग के दौरान विस्फोट हो गया। यह सैंपलिंग प्रक्रिया दो दिन से चल रही थी। हादसा कैसे हुआ और किसकी लापरवाही से विस्फोट हुआ, इसकी जांच जारी है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए दुखद आकस्मिक विस्फोट में कई बहुमूल्य जानें गईं और कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
उपराज्यपाल ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए विस्फोट में हुई जानहानि अत्यंत दुखद है। सरकार शोक संतप्त परिवारों, मित्रों और प्रियजनों के साथ एकजुटता से खड़ी है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मैंने विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.