शुद्धिकरण विवाद पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी से खरगे नाराज, CWC बैठक में जताई खुली नाराजगी

HIGHLIGHTS
- हल्द्वानी में 8 अगस्त को खरगे ने विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया था
- दो दिन बाद रैली स्थल पर शुद्धिकरण हवन किया गया
- CWC बैठक में खरगे ने नेताओं से खुलकर समर्थन की अपेक्षा जताई
नई दिल्ली। शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नाराजगी जताई है। बुधवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने बैठक में मौजूद पार्टी नेताओं से कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि सीडब्ल्यूसी के कई सदस्यों ने शुद्धिकरण के मुद्दे की निंदा करते हुए खुलकर उनका समर्थन नहीं किया। खरगे उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई उस घटना का जिक्र कर रहे थे, जहां उनकी रैली के बाद कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों ने रैली स्थल का शुद्धिकरण किया था।
खरगे ने किसी नेता का नाम नहीं लिया
हालांकि, मल्लिकार्जुन खरगे ने किसी भी नेता का नाम नहीं लिया। लेकिन सूत्रों के मुताबिक, उनके हाव-भाव से संकेत मिल रहा था कि वह इस मुद्दे पर कुछ वरिष्ठ नेताओं से समर्थन नहीं मिलने को लेकर नाराज थे।
क्या है पूरा मामला?
मल्लिकार्जुन खरगे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को दक्षिणपंथी संगठन श्री राम सेना ने रैली स्थल पर शुद्धिकरण हवन किया था।
बाद में सीडब्ल्यूसी की बैठक में हुई चर्चा के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए वेणुगोपाल ने शुद्धिकरण विवाद का जिक्र किया। उन्होंने इस घटना को अस्वीकार्य और निंदनीय बताया और आरोप लगाया कि इससे बीजेपी की मानसिकता का पता चलता है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि शुद्धिकरण की रस्म करने वालों के संबंध बीजेपी और आरएसएस से थे। पार्टी ने दावा किया कि इस घटना से उनकी दलित-विरोधी मानसिकता सामने आई।
वहीं, बीजेपी ने दक्षिणपंथी संगठन की इस कार्रवाई से खुद को अलग करते हुए शुद्धिकरण अनुष्ठान की निंदा की। कांग्रेस अध्यक्ष ने मानसून सत्र के आखिरी दिन संसद में भी यह मुद्दा उठाया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.