अमेरिका से भारत लाया जा रहा लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में है आरोपी

लॉरेंस बिश्नोई के भाई और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। अमेरिकी सरकार ने अनमोल को निर्वासित कर दिया है। इसकी जानकारी बाबा सिद्दीकी मर्डर केस से जुड़े महाराष्ट्र के पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी ने मीडिया को दी। अनमोल बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में आरोपी है और उस पर मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी आरोप हैं।
अनमोल ने पूर्व सांसद पप्पू यादव को भी धमकी दी थी। अब केंद्रीय जांच एजेंसियां और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। उसके बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की जेल में बंद हैं।
अमेरिका से निर्वासन और प्रत्यर्पण प्रक्रिया
महाराष्ट्र की अदालत ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में अनमोल के खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बाद इंटरपोल ने उस पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। जब जीशान सिद्दीकी ने अमेरिका से जानकारी मांगी, तो अमेरिकी फेडरल एजेंसी ने बताया कि अनमोल को निर्वासित किया गया है। यह कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त मेहनत का परिणाम है।
अनमोल को अब प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत लाया जा रहा है। फिलहाल यह नहीं बताया गया है कि उसे कहाँ रखा जाएगा। विशेषज्ञ इसे अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ा कदम मान रहे हैं।
अनमोल के जुड़े हाई-प्रोफाइल मामले
अनमोल बिश्नोई देश के कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित है, जिनमें सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और कई अन्य गंभीर मामले शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजे पहुंचेगा और उसके बाद तुरंत पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कुछ साल पहले वह विदेश में पंजाबी सिंगर करण औजला के साथ एक नाइट पार्टी में भी देखा गया था। 2024 में उसे अमेरिका में हिरासत में लिया गया था और तब से वह अमेरिकी एजेंसियों की निगरानी में था।
अनमोल का भारत लौटना इसलिए भी अहम है क्योंकि वह गुजरात के अहमदाबाद की जेल में बंद देश के नए डॉन लॉरेंस बिश्नोई का सगा भाई है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कई ऑपरेशनों की जिम्मेदारी भी वह संभालता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.