लखीमपुर खीरी में तेंदुए का हमला, किसान ने पानी की बोतल से बचाई जान

लखीमपुर खीरी के मझगईं रेंज के बौधियाकलां गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया, लेकिन किसान ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली। खेत में फसल की रखवाली कर रहे अशोक जायसवाल पर तेंदुए ने छलांग लगाई, लेकिन उन्होंने अपने हाथ में पकड़ी पानी की बोतल तेंदुए के मुंह में ठूस दी। बोतल फंसते ही तेंदुआ पीछे हट गया और कुछ ही समय में वहां से भाग निकला।
घटना उस समय हुई जब सुबह लगभग छह बजे अशोक मचान से नीचे उतरकर शौच के लिए जा रहे थे। तेंदुए के पंजों से घायल हुए अशोक ने हिम्मत नहीं हारी और जब तेंदुआ दोबारा हमला करने आया, तब उन्होंने जोर से पानी की बोतल उसके मुंह में डाल दी। इसके बाद उन्होंने चीख-पुकार शुरू कर दी।
चीख सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और जिलेदार ताज सहित लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की बड़ी भीड़ देख तेंदुआ खेत की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल अशोक को परिजनों ने निघासन सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया।
वन विभाग के रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। घटना के बाद गांव के लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं और तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.