छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, बस पेड़ से टकराई; छह की मौत, 15 घायल

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
- सभी 15 घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
- शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत की खबर थी, बाद में संख्या बढ़कर छह हो गई।
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की जान चली गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। राहत दल ने एंबुलेंस के जरिए सभी 15 घायलों को उपचार के लिए मनेंद्रगढ़ अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद शुरुआती जानकारी में बस चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत होने की बात सामने आई थी। हालांकि, बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने केल्हारी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और राहत कार्यों की समीक्षा की।
जनप्रतिनिधियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली
पूर्व विधायक गुलाब कमरो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ केल्हारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की सेहत के बारे में जानकारी ली और उनके इलाज के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं, ताकि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.